राजस्थानी, मुगल एवं पहाड़ी लघुचित्रों में संयोग श्रृंगार: कला, काव्य और संस्कृति का अंतर्संबंध
Abstract
भारतीय लघुचित्रकला भारतीय सांस्कृतिक एवं कलात्मक परंपरा की एक महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसमें भाव, सौंदर्य, काव्य और आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय समन्वय दृष्टिगोचर होता है। मध्यकालीन भारतीय कला में राजस्थानी, मुगल एवं पहाड़ी लघुचित्र शैलियों ने विशेष स्थान प्राप्त किया, जिनमें संयोग श्रृंगार का अत्यंत सजीव, भावपूर्ण तथा सौंदर्यपरक चित्रण देखने को मिलता है। प्रस्तुत शोधपत्र “राजस्थानी, मुगल एवं पहाड़ी लघुचित्रों में संयोग श्रृंगार: कला, काव्य और संस्कृति का अंतर्संबंध” शीर्षक के अंतर्गत इन तीनों प्रमुख लघुचित्र शैलियों में संयोग श्रृंगार की अभिव्यक्ति, उसके कलात्मक स्वरूप, साहित्यिक आधार तथा सांस्कृतिक संदर्भों का विश्लेषणात्मक अध्ययन प्रस्तुत करता है। भारतीय काव्यशास्त्र में श्रृंगार रस को रसों का राजा माना गया है, जिसमें संयोग एवं वियोग दोनों अवस्थाएँ सम्मिलित हैं। संयोग श्रृंगार प्रेम, आकर्षण, मिलन, अनुराग एवं भावात्मक एकत्व की अभिव्यक्ति का प्रतीक है। भारतीय लघुचित्रकला में यह भाव विशेष रूप से राधा-कृष्ण प्रेमलीला, नायक-नायिका भेद, ऋतु-वर्णन तथा दरबारी प्रेम प्रसंगों के माध्यम से अभिव्यक्त हुआ है। राजस्थानी शैली में लोकजीवन, भक्ति एवं कृष्ण-लीला का रंगप्रधान और प्रतीकात्मक स्वरूप दिखाई देता हैै मुगल शैली में दरबारी संस्कृति, यथार्थवाद तथा सौंदर्यबोध का प्रभाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है जबकि पहाड़ी शैली में कोमल भावाभिव्यक्ति, प्रकृति-सौंदर्य और आध्यात्मिक प्रेम का अत्यंत संवेदनशील चित्रण प्राप्त होता है।
इस शोधपत्र में यह स्पष्ट करने का प्रयास किया गया है कि भारतीय लघुचित्र केवल दृश्य कला नहीं हैं, बल्कि वे तत्कालीन समाज, संस्कृति, साहित्य, संगीत एवं धार्मिक चेतना के जीवंत दस्तावेज भी हैं। संयोग श्रृंगार के चित्रण में कलाकारों ने रंग, रेखा, मुद्रा, वेशभूषा, प्रकृति तथा प्रतीकों के माध्यम से मानवीय भावनाओं को कलात्मक रूप प्रदान किया। इन चित्रों में साहित्य और चित्रकला का गहरा अंतर्संबंध भी विद्यमान है, क्योंकि अनेक चित्र रीतिकालीन काव्य, गीतगोविंद, रसिकप्रिया, बिहारी सतसई तथा कृष्णभक्ति साहित्य से प्रेरित हैं। शोध में तुलनात्मक एवं विश्लेषणात्मक पद्धति का उपयोग करते हुए तीनों शैलियों की विशेषताओं, समानताओं एवं भिन्नताओं का अध्ययन किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि संयोग श्रृंगार भारतीय सांस्कृतिक चेतना का केवल लौकिक पक्ष नहीं, बल्कि आध्यात्मिक एवं दार्शनिक संवेदनाओं का भी प्रतिनिधित्व करता है। वर्तमान समय में भी इन लघुचित्रों का सौंदर्यबोध, सांस्कृतिक महत्व एवं कलात्मक प्रभाव भारतीय कला-जगत में प्रासंगिक बना हुआ है।